रायगढ़ नगर निगम में जनप्रतिनिधियों ने सुनी पीएम के मन की बात
रायगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 138वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा अभियान की सराहना की। कुपोषण के खिलाफ प्रदेश में चलाए जा रहे इस अभिनव अभियान को प्रधानमंत्री ने देश के सामने उदाहरण के रूप में रखा। इधर, रायगढ़ नगर निगम के सभा कक्ष में जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारी-कर्मचारियों ने एक साथ मन की बात सुनी। इस दौरान छत्तीसगढ़ के अभियान का प्रधानमंत्री द्वारा उल्लेख किए जाने को प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में कुपोषण के खिलाफ छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा अभियान का उल्लेख करते हुए इसकी सराहना की। प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के पोषण संवर्धन और जनभागीदारी से जुड़े इस प्रयास को राष्ट्रीय मंच पर रेखांकित किए जाने से प्रदेश के लिए यह गौरव का विषय रहा। प्रधानमंत्री के संबोधन का नगर निगम रायगढ़ के सभा कक्ष में सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद, महापौर, सभापति, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। प्रधानमंत्री ने कुपोषण मुक्त भारत की दिशा में देशभर में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ के हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा अभियान को विशेष रूप से रेखांकित किया। मुनगा पोषक तत्वों से भरपूर होने के कारण पोषण सुधार के लिए उपयोगी माना जाता है। उन्होंने पोषण ट्रैकर के माध्यम से तकनीक के उपयोग और आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए पोषण संबंधी सेवाओं की निगरानी का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में आंवला उत्पादन और उसके प्रसंस्करण से जुड़े किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर बढ़ते हैं। प्रधानमंत्री ने सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ का उल्लेख करते हुए भारतीय सेना के साहस और पराक्रम को नमन किया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ देश की नीति और विभिन्न अभियानों का उल्लेख करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भारत के संकल्प को रेखांकित किया।
