हर्ष न्यूज़ की खबर का असर: रायगढ़ के शहीद भगत सिंह पुल पर मरम्मत शुरू, जल्द होगा डामरीकरण

सड़क पर गड्ढों और उड़ती धूल से परेशान राहगीरों को मिलेगी राहत, निगम ने WMM का काम पूरा कर प्राइम कोट की तैयारी शुरू की

रायगढ़ शहीद भगत सिंह पुल
रायगढ़ शहीद भगत सिंह पुल

Highlights

  • शहीद भगत सिंह पुल की बदहाल सड़क पर नगर निगम ने शुरू कराया मरम्मत कार्य।
  • हर्ष न्यूज़ ने प्रमुखता से उठाई थी राहगीरों की परेशानी।
  • WMM का काम पूरा, अब प्राइम कोट की तैयारी।
  • मौसम अनुकूल रहा तो एक-दो दिन में होगा डामरीकरण।
  • शहर में डामरीकरण के 12 बड़े काम प्रस्तावित, पांच बार टेंडर के बाद भी नहीं मिली निविदा।

हर्ष न्यूज़ की खबर के बाद हरकत में आया निगम

रायगढ़ के प्रगति नगर स्थित शहीद भगत सिंह पुल पर सड़क की बदहाल स्थिति और उड़ती धूल से परेशान लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। इस समस्या को लेकर हर्ष न्यूज़ ने प्रमुखता से खबर दिखाई थी। खबर सामने आने के अगले ही दिन नगर निगम ने पुल पर मरम्मत का काम शुरू करा दिया। फिलहाल WMM का काम पूरा कर लिया गया है और अब प्राइम कोट की तैयारी की जा रही है।

अंडरपास निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई थी सड़क

दरअसल, शहीद भगत सिंह पुल के नीचे अंडरपास निर्माण के दौरान सड़क के एक हिस्से को काटा गया था। बारिश के कारण उस हिस्से में डामरीकरण नहीं हो सका। इसके चलते सड़क पर गड्ढे बन गए और वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ने लगी। राहगीरों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

हर्ष न्यूज़ द्वारा समस्या को सामने लाए जाने के बाद निगम ने मरम्मत कार्य शुरू कराया। निगम अधिकारी के मुताबिक, सड़क को ब्लॉक कर WMM यानी वेट मिक्स मैकडम का काम कराया गया है। अब प्राइम कोट किया जाएगा। मौसम अनुकूल रहने पर अगले एक-दो दिनों में BT यानी डामरीकरण का काम पूरा करने की तैयारी है।

ठेकेदार की जिम्मेदारी में होगा मरम्मत कार्य

मरम्मत कार्य की लागत को लेकर निगम अधिकारी ने बताया कि इसके लिए अलग से कोई बजट निर्धारित नहीं है। यह काम पुल के मूल ठेके और संधारण कार्य के तहत कराया जा रहा है। क्षतिग्रस्त हिस्से का रेस्टोरेशन करना संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है।

शहर में डामरीकरण के 12 बड़े काम प्रस्तावित

अधिकारी ने बताया कि शहर में डामरीकरण के 12 बड़े कार्य प्रस्तावित हैं। इनके लिए अब तक पांच बार टेंडर आमंत्रित किए जा चुके हैं, लेकिन कोई निविदा प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल निगम शासन के निर्देशों का इंतजार कर रहा है।

शहीद भगत सिंह पुल पर मरम्मत कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को धूल व गड्ढों की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। अब सबकी नजर मौसम अनुकूल रहने और निर्धारित समय में डामरीकरण पूरा होने पर है।

यह खबर भी पढ़ें:

रायगढ़ में 5 टन लोहे की हेराफेरी का खुलासा, ट्रक चालक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *