घरघोड़ा पुलिस ने शनि मंदिर के पास घेराबंदी कर पकड़े आरोपी, CISF कार्यालय और धरमजयगढ़ के ओंगना गांव से चुराई थीं बाइक; तीसरा आरोपी फरार

Highlights
- घरघोड़ा पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद, कीमत करीब 1.80 लाख रुपये।
- नंबर प्लेट तोड़कर और बाइक का रंग बदलकर पहचान छिपाने की कोशिश।
- गिरोह का तीसरा सदस्य फरार, पुलिस कर रही तलाश।
घरघोड़ा पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ा
रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत घरघोड़ा पुलिस को बाइक चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद करते हुए गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बरामद दोनों मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुकसागर राठिया और देव पैंकरा के रूप में हुई है।
CISF कार्यालय के सामने से चोरी हुई थी पल्सर
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को नीलम संजीव बेक ने थाना घरघोड़ा में बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी CISF इकाई NTPC तिलाईपाली में पदस्थ हैं। उन्होंने बताया था कि 7 अक्टूबर की सुबह लैलूंगा रोड स्थित घरघोड़ा CISF कार्यालय के गेट के सामने खड़ी उनकी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-LF-3373 अज्ञात चोर चोरी कर ले गया।
रिपोर्ट पर घरघोड़ा थाने में अपराध क्रमांक 312/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
शनि मंदिर के पास बाइक बेचने की फिराक में थे आरोपी
मामले की जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने पुलिस टीम को सक्रिय मुखबिरों से जानकारी जुटाने और संदिग्धों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए थे। इसी बीच 10 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास चोरी की बाइक बेचने के लिए लोगों से बातचीत कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सुकसागर राठिया निवासी कोनपारा और देव पैंकरा निवासी नेगीपारा, घरघोड़ा के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करने के उद्देश्य से चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।
नंबर प्लेट तोड़ी, बाइक का रंग बदलकर छिपाई पहचान
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब एक महीने पहले CISF कार्यालय के सामने से काले रंग की पल्सर और धरमजयगढ़ के ग्राम ओंगना से काले-सफेद रंग की एक अन्य पल्सर चोरी की थी।
पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने दोनों मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी थी। इसके अलावा इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने का प्रयास किया गया था। सफेद रंग की पल्सर के सफेद हिस्सों पर काला रंग पोतकर उसकी पहचान बदलने की भी कोशिश की गई थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दोनों पल्सर मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर ली हैं। मामले में साक्ष्य मिटाने के प्रयास के संबंध में धारा 238 और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों में सुकसागर राठिया (20 वर्ष), पिता सुंदर राठिया, निवासी कोनपारा और देव पैंकरा (20 वर्ष), पिता धोबा पैंकरा, निवासी नेगीपारा, थाना घरघोड़ा शामिल हैं। मामले में शामिल तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस को उम्मीद है कि फरार आरोपी से पूछताछ में अन्य चोरी की मोटरसाइकिलों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक उद्वो पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों पर रायगढ़ पुलिस की नजर है। चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोहों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।












Leave a Reply