गोल्डन जुबली सम्मान समारोह के साथ होगा महाराजा अग्रसेन प्रीमियर लीग क्रिकेट का शुभारंभ
18 गोत्रों की 18 टीमें उतरेंगी मैदान में, 5 अक्टूबर तक चलेगा क्रिकेट का रोमांच
रायगढ़। महाराजा श्री अग्रसेन जयंती 2026 के 13 दिवसीय भव्य आयोजन का शुभारंभ बुधवार, 30 सितंबर को शाम 4:30 बजे नटवर स्कूल मैदान में उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच होगा। जयंती के प्रथम कार्यक्रम के रूप में समाज के उन दंपतियों का विशेष गोल्डन जुबली सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिन्होंने अपने वैवाहिक जीवन के गौरवशाली 50 वर्ष पूर्ण किए हैं।
इस विशेष अवसर पर स्वर्णिम वैवाहिक जीवन पूर्ण करने वाले दंपतियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही इन्हीं वरिष्ठ दंपतियों के हाथों जयंती के प्रथम खेल आयोजन महाराजा श्री अग्रसेन प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ कराया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा इस पहल के माध्यम से वरिष्ठों के अनुभव और आशीर्वाद को युवाओं की ऊर्जा से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
18 गोत्रों के नाम से उतरेंगी 18 टीमें
मीडिया प्रभारी प्रकाश निगानिया ने बताया कि महाराजा श्री अग्रसेन प्रीमियर लीग डे-एंड-नाइट टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के रूप में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में समाज के 18 गोत्रों के नाम से 18 टीमें मैदान में उतरेंगी। प्रत्येक टीम में 9 खिलाड़ी होंगे। खिलाड़ियों का चयन बाकायदा ऑक्शन प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है, जिससे प्रतियोगिता को लेकर समाज के युवाओं और खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।
उन्होंने बताया कि क्रिकेट प्रतियोगिता 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलेगी। इस दौरान नटवर स्कूल मैदान में दिन-रात क्रिकेट के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। प्रतियोगिता की विजेता टीम को ₹61,000 नगद एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को ₹41,000 नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
गोल्डन जुबली दंपतियों का होगा विशेष सम्मान
जयंती के शुभारंभ अवसर पर 50 वर्ष का सफल वैवाहिक जीवन पूर्ण कर चुके समाज के दंपतियों का विशेष सम्मान किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार समाज के ऐसे 25 से अधिक जोड़े चिंहित किये गए है। इन दंपतियों का जीवन समाज की नई पीढ़ी के लिए संस्कार, समर्पण और पारिवारिक मूल्यों की प्रेरणादायी मिसाल है।
अग्रबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
श्री अग्रसेन सेवा संघ एवं जयंती आयोजन समिति प्रभारी अनूप बंसल, सचिन बंसल एवं रवि अग्रवाल (सी.ए.), महिला प्रभारी कविता बेरीवाल, आशा अग्रवाल (टाइटन) एवं शालू गोयल ने रायगढ़ के समस्त अग्रबंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं समाज के परिवारों से अपील की है कि वे 30 सितंबर को शाम 4:30 बजे से नटवर स्कूल मैदान में आयोजित इस भव्य शुभारंभ समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गोल्डन जुबली दंपतियों का सम्मान बढ़ाएं तथा महाराजा अग्रसेन प्रीमियर लीग के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।
उन्होंने कहा कि महाराजा श्री अग्रसेन जयंती केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कार, परंपरा और युवा ऊर्जा का उत्सव है। सभी अग्रबंधुओं की सहभागिता से 13 दिवसीय जयंती समारोह को और अधिक भव्य, सफल एवं यादगार बनाया जा सकता है।