छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में दिखेंगे हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब, पलक मुछाल और अभिजीत भट्टाचार्य देंगे प्रस्तुति

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में सारंग हेलीकॉप्टर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम

1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर में होगा राज्योत्सव, सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयरोबेटिक शो और छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति के रंग बनेंगे आकर्षण

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में सारंग हेलीकॉप्टर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में इस बार रोमांच, संगीत और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। नवा रायपुर के अटल नगर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर मेला ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयरोबेटिक शो, बॉलीवुड गायकों की प्रस्तुतियां और प्रदेश की विकास यात्रा की झलक आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

आसमान में करतब दिखाएंगे स्वदेशी हेलीकॉप्टर

राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयरोबेटिक शो होगा। 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस प्रदर्शन में स्वदेशी एचएएल ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए आसमान में रोमांचक करतब दिखाए जाएंगे। हेलीकॉप्टरों की सामूहिक उड़ान और आपसी समन्वय से होने वाली कलाबाजियां दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहेंगी। पिछले वर्ष राज्योत्सव में सूर्य किरण टीम ने लड़ाकू विमानों के साथ एयरोबेटिक प्रदर्शन किया था। इस बार सारंग टीम के स्वदेशी हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन दर्शकों को रोमांच का अलग अनुभव देगा। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में सारंग हेलीकॉप्टर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम

पलक मुछाल और अभिजीत भट्टाचार्य की होगी प्रस्तुति

राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत संगीत प्रेमियों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। तीन दिवसीय आयोजन में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक और गायिकाएं अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। कार्यक्रम के पहले दिन 1 नवंबर को गायिका पलक मुछाल प्रस्तुति देंगी। दूसरे दिन 2 नवंबर को गायिका स्वस्ति मेहुल अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। वहीं, अंतिम दिन 3 नवंबर को गायक अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति होगी। इनके साथ छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकार भी अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में सारंग हेलीकॉप्टर शो और सांस्कृतिक कार्यक्रम

सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की लगेगी प्रदर्शनी

राज्योत्सव परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। कृषि, वन, शिक्षा, स्वास्थ्य और लोक निर्माण सहित अन्य विभाग अपनी उपलब्धियों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके जरिए लोगों को सरकारी योजनाओं और उनका लाभ लेने की प्रक्रिया समझने का अवसर मिलेगा। आयोजन में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों पर भी विशेष जोर रहेगा। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

संस्कृति, विकास और मनोरंजन का संगम

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के जरिए प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, विकास यात्रा और उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। हेलीकॉप्टरों का रोमांचक प्रदर्शन, बॉलीवुड कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियां और सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां तीन दिवसीय आयोजन को खास बनाएंगी।राज्योत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और विकास की संभावनाओं को सामने लाने का अवसर होगा।

Top Search

Advertisement Carousel