गरबा ड्रेस में लड़कियों ने फूंकी सिगरेट, बंदूक लहराने का VIDEO वायरल; हिंदू संगठन ने की शिकायत

गरबा ड्रेस में लड़कियों ने लहराया बंदूक

'बेगम बगैर बादशाह किस काम का' गाने पर बनाई गई रील को लेकर विवाद; बजरंग दल ने SP कार्यालय पहुंचकर सौंपा शिकायत पत्र और वीडियो

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवरात्रि से पहले गरबा पास के प्रचार-प्रसार के लिए बनाए गए कुछ सोशल मीडिया वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि इन वीडियो में गरबा ड्रेस पहने युवतियों को सिगरेट पीते हुए और बंदूक लहराते हुए दिखाया गया है। इसके अलावा लड़कों के साथ बाइक पर बैठकर गरबा पास का प्रचार करते हुए भी वीडियो बनाए गए हैं।

वीडियो को लेकर स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई है। मामले में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने SP कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और संबंधित वीडियो भी पुलिस को सौंपे हैं। शिकायतकर्ताओं ने वीडियो में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर गरबा और नवरात्रि से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए हैं। इनमें 'बेगम बगैर बादशाह किस काम का' गाने का इस्तेमाल किया गया है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गरबा परिधानों में युवतियों को सिगरेट पीते हुए, बंदूक दिखाते हुए और पुरुषों के साथ बाइक पर बैठकर गरबा पास का प्रचार करते हुए दिखाया गया है।

खुद को मेकअप आर्टिस्ट बताने वाली शिफा मैथ्यू नाम की युवती के सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े कुछ वीडियो को लेकर भी शिकायत की गई है। हालांकि, इन वीडियो के निर्माण, आयोजन और उनमें दिखाई गई वस्तुओं के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से क्या निष्कर्ष निकाला गया है, यह स्पष्ट होना बाकी है।

धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि नवरात्रि और गरबा जैसे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन की पृष्ठभूमि में इस तरह का कंटेंट बनाना आपत्तिजनक है। उनका आरोप है कि वीडियो के माध्यम से सनातन संस्कृति और धार्मिक भावनाओं का अपमान किया गया है।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की जांच कर वीडियो में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, गरबा आयोजन का आयोजक कौन है और संबंधित वीडियो किस आयोजन या गरबा पास के प्रचार के लिए बनाए गए थे, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

संरक्षित गज किला में शूटिंग का भी आरोप

बजरंग दल के प्रांत पदाधिकारी अंकुश ठाकुर ने आरोप लगाया कि संबंधित वीडियो रतनपुर के संरक्षित क्षेत्र गज किला में शूट किया गया है।

ठाकुर के मुताबिक, नवरात्रि के दौरान शहर में गरबा आयोजन शुरू होने वाले हैं और इसी सिलसिले में गरबा पास के प्रचार के लिए यह कंटेंट तैयार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में गरबा ड्रेस पहनी महिलाओं को सिगरेट पीते हुए और बंदूक दिखाते हुए प्रदर्शित किया गया है।

उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

SP कार्यालय पहुंचकर सौंपा शिकायत पत्र

मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता SP कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत के साथ संबंधित वीडियो भी पुलिस को सौंपे। शिकायत में वीडियो की जांच कराने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

अब पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वीडियो कहां और किन परिस्थितियों में शूट किए गए, इसमें दिखाई गई बंदूक वास्तविक थी या किसी अन्य प्रकार की वस्तु, तथा शूटिंग के दौरान किसी नियम या कानून का उल्लंघन हुआ या नहीं।

पुलिस जांच के बाद सामने आएगी स्थिति

फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और संगठन की शिकायत के आधार पर चर्चा में है। शिकायतकर्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस जांच में वीडियो की वास्तविकता, शूटिंग की जगह, आयोजन से जुड़े लोगों और अन्य संबंधित पहलुओं की जानकारी सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

यह खबर भी

Top Search

Advertisement Carousel