धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव महोत्सव की तैयारी तेज, स्मृति ईरानी ने लिया जायजा

15 नवंबर को प्रदेश स्तरीय आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन होंगे मुख्य अतिथि, एक से सवा लाख लोगों के जुटने का अनुमान

धरमजयगढ़ जनजातीय गौरव महोत्सव
धरमजयगढ़ जनजातीय गौरव महोत्सव

Highlights:

  • 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होगा प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव महोत्सव।
  • स्मृति ईरानी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
  • छत्तीसगढ़ के 42 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधि होंगे शामिल।

जनजातीय गौरव महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी सिलसिले में बुधवार को भाजपा की प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ पहुंचीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्मृति ईरानी ने ली पदाधिकारियों की बैठक

स्मृति ईरानी के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम भी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के बाद उन्होंने रायगढ़, जशपुर और सरगुजा सहित आसपास के जिलों के भाजपा जिलाध्यक्षों की बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की।

इसके अलावा जनपद सभागार में भाजपा कोर कमेटी के सदस्यों के साथ भी बैठक आयोजित की गई। इसमें आसपास के जिलों के विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।

42 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा देशभर में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह और पखवाड़ा मना रही है। इसके तहत दीप प्रज्ज्वलन, स्वच्छता अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, छात्रावास संपर्क और जनजातीय गौरव चौपाल जैसे आयोजन किए जा रहे हैं।

धरमजयगढ़ में होने वाला प्रदेश स्तरीय महोत्सव जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरव को सम्मान देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 42 जनजातीय समाजों के प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। वहीं आयोजन में एक से सवा लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए भाजपा संगठन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

यह खबर भी पढ़ें

रायपुर में 15 नवंबर से धान खरीदी, 21 नए केंद्र खुलेंगे; किसानों को मिलेगा 3100 रुपए प्रति क्विंटल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *