रायगढ़ में बाइक पर स्टंटबाजी करना पड़ा भारी, पांच युवक गिरफ्तार कर जेल भेजे गए

सोशल मीडिया के लिए चलती बाइक पर खतरनाक स्टंट और अशोभनीय हरकतों का बना रहे थे वीडियो, एसडीएम न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद हुई कार्रवाई

रायगढ़ बाइक स्टंटबाजी
रायगढ़ बाइक स्टंटबाजी

Highlights:

  • 9 नवंबर की रात दो बाइक पर सवार होकर कर रहे थे स्टंटबाजी।
  • वीडियो के आधार पर चक्रधरनगर पुलिस ने पांच युवकों की पहचान की।
  • अभिभावकों के साथ थाने बुलाकर समझाइश के बाद भी हुई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।

सोशल मीडिया पर लोकप्रियता का शौक पड़ा भारी

सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी करना पांच युवकों को भारी पड़ गया। रायगढ़ शहर में चलती बाइक पर स्टंट करने और अशोभनीय हरकतें कर वीडियो बनाने वाले पांच युवकों को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने युवकों को उनके अभिभावकों की मौजूदगी में थाने बुलाकर समझाइश दी, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

चलती बाइक पर कर रहे थे खतरनाक स्टंट

मामला 9 नवंबर की रात का है। जानकारी के अनुसार, दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान युवक चलती बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहे थे। इतना ही नहीं, सार्वजनिक सड़क पर अशोभनीय हरकतें करते हुए उनका वीडियो भी बनाया जा रहा था।

इसी दौरान एक व्यक्ति ने युवकों की इन हरकतों को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और चक्रधरनगर थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने इसकी जानकारी एसएसपी को दी। इसके बाद युवकों की पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

अभिभावकों के साथ थाने बुलाकर दी समझाइश

पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर पांचों युवकों की पहचान की और उन्हें उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। इस दौरान युवकों को समझाइश दी गई कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी उनकी खुद की जान के साथ-साथ राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

इसके बावजूद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांचों युवकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। वहां से जेल वारंट जारी होने के बाद पांचों युवकों को जेल दाखिल करा दिया गया।

अभिभावकों से पुलिस की अपील

रायगढ़ पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और वाहन चलाने के तौर-तरीकों पर नजर रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर स्टंटबाजी और लापरवाही से वाहन चलाना न केवल खुद के लिए, बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।

यह खबर भी पढ़ें

रायपुर में 15 नवंबर से धान खरीदी, 21 नए केंद्र खुलेंगे; किसानों को मिलेगा 3100 रुपए प्रति क्विंटल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *