गुरुदेव का आशीर्वाद लेने भुईयांपानी पहुंचे CM विष्णुदेव साय, 7 लाख के सांस्कृतिक मंच का किया लोकार्पण

पत्नी कौशल्या साय के साथ दीप महोत्सव में हुए शामिल, शिव मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर की पूजा-अर्चना; भुईयांपानी और सिरकीनारा के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भुईयांपानी दौरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भुईयांपानी दौरा

रायगढ़। दीपावली के दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भुईयांपानी पहुंचे। यहां गुरुधाम में आयोजित दीप महोत्सव में शामिल होकर उन्होंने अपने आराध्य गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धार्मिक कार्यक्रम के साथ उन्होंने क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

गुरुधाम में दीप महोत्सव में हुए शामिल

ग्राम भुईयांपानी पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुधाम में आयोजित दीप महोत्सव में हिस्सा लिया। उन्होंने अपने आराध्य गुरुदेव स्वामी धनपती पंडा और प्रेमशीला पंडा की प्रतिमाओं के समक्ष नमन किया तथा गुरु गद्दी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान धर्मपत्नी कौशल्या साय भी उनके साथ मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री ने गुरुधाम परिसर स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके अलावा हनुमान मंदिर, वटवृक्ष और मां दुर्गा मंदिर में भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दीपावली के अवसर पर धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

10 साल की उम्र से गुरुदेव से जुड़ा है आध्यात्मिक रिश्ता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का अपने गुरुदेव के प्रति गहरा आध्यात्मिक और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। बताया गया कि महज 10 साल की उम्र से ही वे गुरुदेव के अनुयायी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुदेव के सान्निध्य ने उन्हें सेवा, सादगी और समर्पण का मार्ग सिखाया है। उनके संस्कारों और आशीर्वाद से ही वे जनसेवा के रास्ते पर आगे बढ़ पाए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपोत्सव का पर्व हर घर में उजियारा और हर जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं प्रेम का प्रकाश फैलाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

7 लाख की लागत से बने सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण

गुरुधाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम भुईयांपानी में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की योजना के तहत 7 लाख रुपये की लागत से निर्मित सांस्कृतिक मंच का लोकार्पण किया। इस मंच से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी।

भुईयांपानी और सिरकीनारा के लिए कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर भुईयांपानी के विभिन्न धार्मिक स्थलों और सिरकीनारा गांव में विकास कार्यों की घोषणा की। भुईयांपानी के शिव मंदिर, गुरुमाता मंदिर, वटवृक्ष प्रांगण और हनुमान मंदिर में स्टील रेलिंग, स्टील जाली एवं टाइल्स लगाने की घोषणा की गई।

इसके अलावा सिरकीनारा गांव में दो स्थानों पर सीसी रोड निर्माण कराने तथा गांधी चौक में बोरवेल और पंप स्थापित करने की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री के इस दौरे में जहां गुरुदेव के प्रति उनकी आस्था और आध्यात्मिक जुड़ाव देखने को मिला, वहीं क्षेत्र के ग्रामीणों को विकास कार्यों की नई सौगात भी मिली। दीपावली के अवसर पर भुईयांपानी में आयोजित दीप महोत्सव धार्मिक श्रद्धा और विकास की घोषणाओं के साथ खास रहा।


यह खबर भी पढ़ें

छत्तीसगढ़ कोचिंग सेंटर नियंत्रण विधेयक 2026: अब कोचिंग संस्थानों पर रहेगी सरकार की नजर, नियम तोड़ने पर 5 लाख तक जुर्माना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *