स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

11 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विज्ञान भवन में करेंगी सम्मानित, हर शहर से चार प्रतिनिधि मंच पर होंगे शामिल

रायपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने जा रही है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन किया गया है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है। इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।

विज्ञान भवन में 11 नवंबर को होगा सम्मान समारोह

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 11 नवंबर को आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीनों शहरों को पुरस्कार प्रदान करेंगी। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे। इस उपलब्धि में सफाई कर्मचारियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों और शहरवासियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हर शहर से चार प्रतिनिधियों को मिलेगा मंच पर सम्मान

पुरस्कार ग्रहण करने के लिए प्रत्येक शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर आमंत्रित किया जाएगा। मंत्रालय ने निर्देश दिए हैं कि प्रतिनिधिमंडल में सफाई मित्रों, स्वच्छता निरीक्षकों, पर्यवेक्षकों और अभियंताओं को शामिल किया जाए। इससे सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में सीधे तौर पर योगदान देने वाले कर्मचारियों को भी राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताई खुशी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सफाई मित्रों की मेहनत का परिणाम है, जो प्रतिदिन शहरों को स्वच्छ रखने के लिए काम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के सभी शहरों में सफाई की बेहतर व्यवस्था विकसित हो और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिले।

अन्य नगरीय निकायों को मिलेगी प्रेरणा: अरुण साव

उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने भी तीनों शहरों के चयन को उत्साहवर्धक बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि स्थानीय निकायों की सक्रियता, सफाई कर्मचारियों के परिश्रम और नागरिकों के सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल सर्वेक्षण या किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे शहरों की रोजमर्रा की कार्यशैली और नागरिकों की जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन शहरों की सफलता प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

जनभागीदारी पर केंद्रित है इस बार की थीम

स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल- बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसका उद्देश्य सफाई व्यवस्था में प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देना है। तीनों शहरों का चयन इस दिशा में किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला कदम माना जा रहा है।

यह खबर भी पढ़ें

रायपुर के व्यापारी परिवार की कार टीला एनीकट में गिरी, पति-पत्नी समेत चार की मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *