रंगों के महापर्व होली को लेकर अब शहर में माहौल बनने लगा है। बाजार में रंग-गुलाल और पिचकारी के साथ सभी सामान आ गये हैं मगर होली के बाजार को लेकर अब तक प्रशासन की ओर से स्थल चयन की प्रक्रिया पूरी नहीं किये जाने के चलते व्यापारी परेशान थे। चूंकि होली पर्व को लेकर अब चंद रोज ही शेष रह गये हैं और चारें ओर नगाड़ों की गूंज सुनाई देने लगी है, लिहाजा होली बाजार को लेकर असमंजस की स्थिति निर्मित होने से फुटकर व्यापारियों को अपने व्यवसाय की चिंता भी सताने लगी थी।
यही वजह है कि सोमवार को व्यापारियों के प्रतिनिधि मंडल ने इस बात को लेकर नगर निगम आयुक्त से मुलाकात की और अपनी समस्याओं से अवगत कराया जहां निगम आयुक्त व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट कर दिया है कि इस साल होली का बाजार गांधी गंज मैदान में लगेगा और नगर निगम की ओर से भी इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है।
दरअसल, पिछले कुछ सालों से होली का फुटकर बाजार शहर के बीच नटवर स्कूल मैदान में लगाया आया था मगर इस साल प्रशासन ने स्कूल खेल मैदान में बाजार लगाने की अनुमति देने से मना कर दिया जबकि व्यापारी यह चाहते थे कि उन्हें शहर के अंदर ही बाजार लगाने के लिए जगह मिले क्योंकि शहर से बाहर बाजार लगाने से व्यापार पर भी असर पड़ता है। यही वजह है कि अब होली बाजार के स्थल को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद व्यापारियों ने भी राहत की सांस ली है।
