
रायगढ़ में यातायात जागरूकता कार्यक्रम, 450 से अधिक हेलमेट वितरित; जनवरी से सितंबर तक 30,859 कार्रवाई में 2.77 करोड़ रुपये से अधिक अर्थदंड
रायगढ़, 08 अक्टूबर 2026। प्रदेश के सभी जिलों में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा थाना यातायात परिसर में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हेलमेट वितरण के साथ यातायात जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस अवसर पर माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चतुर्वेदी और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत, राजकीय गीत और राष्ट्रगान से हुई।
यातायात नियमों का पालन करना ही ‘सेवा संकल्प’ की मूल भावना
माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चतुर्वेदी ने कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक के लिए कानून और यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों का सहयोग करने के बजाय उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। यातायात नियमों का पालन करना ही सही मायने में ‘सेवा संकल्प’ की मूल भावना से जुड़ा विषय है।

जीवन से बड़ा कुछ नहीं, जल्दबाजी से बचें: देवेंद्र प्रताप सिंह
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रायगढ़ का विकास तेजी से हो रहा है, जिसके कारण यातायात का दबाव भी बढ़ रहा है। सड़क दुर्घटनाओं के पीछे यातायात नियमों का पालन नहीं करना एक बड़ा कारण है।
उन्होंने हेलमेट को ‘सुरक्षा कवच’ बताते हुए तीन सवारी वाहन नहीं चलाने, तेज गति से वाहन चलाने से बचने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीवन से बड़ा कुछ भी नहीं है, इसलिए वाहन चलाते समय जल्दबाजी से बचना चाहिए।
उन्होंने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने और मोडिफाइड साइलेंसर से होने वाले ध्वनि प्रदूषण से बचने की भी अपील की।
हेलमेट पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, अपनी सुरक्षा के लिए पहनें
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन रायगढ़ में सड़क हादसों को लेकर गंभीर है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रतिमाह सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित कर संबंधित विभागों के साथ आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि हेलमेट केवल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए नियमित रूप से पहनें। साथ ही चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
जनवरी से सितंबर तक 30,859 कार्रवाई, 2.77 करोड़ से अधिक अर्थदंड
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा नागरिकों में यातायात जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रवर्तन और जागरूकता संबंधी कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 से सितंबर 2026 तक मोटरयान अधिनियम के तहत 30,859 कार्रवाई की गई हैं। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले वाहन चालकों से 2 करोड़ 77 लाख 95 हजार 400 रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया है।
इसके अलावा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण, निःशुल्क हेलमेट वितरण, स्वास्थ्य शिविर और नेत्र परीक्षण शिविर भी आयोजित किए गए।
एसएसपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस का दायित्व नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की सहभागिता और जागरूकता भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से यातायात दूत बनकर स्वयं नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

450 से अधिक हेलमेट वितरित, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद अतिथियों ने नागरिकों को 450 से अधिक हेलमेट वितरित किए और यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन विकास सिन्हा ने किया। कार्यक्रम में सभापति डिग्री लाल साहू, गुरपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पांडे, सुरेश गोयल, पवन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल, यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह ख़बर भी पढ़ें
करमा की थाप पर झूमे वित्त मंत्री ओपी चौधरी, खुद बजाया मृदंग
- जीएसटी में ऐतिहासिक सुधार, अब टैक्स अधिकारी नहीं कर सकेंगे गिरफ्तारी, रास्ते में नहीं रुकेगी गाड़ी : वित्त मंत्री ओपी चौधरी

- एनटीपीसी लारा के CSR मद से रायगढ़ में होंगे 8 महत्वपूर्ण विकास कार्य, ₹12.49 करोड़ के प्रस्तावों को मंजूरी

- यातायात नियमों का पालन ही ‘सेवा संकल्प’ की मूल भावना: माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चतुर्वेदी

- मतदाता सूची में नाम जोड़ने 10 अक्टूबर तक विशेष शिविर

- कायाकल्प में धीमी प्रगति पर धरमजयगढ़ बीएमओ को नोटिस जारी

