एसएसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए निर्देश; फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, लंबित मामलों के निराकरण और यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई के आदेश

रायगढ़ में नवरात्रि, दुर्गा उत्सव और दशहरा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। दुर्गा पंडालों से लेकर गरबा-डांडिया आयोजनों तक पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, वहीं रात में पेट्रोलिंग भी बढ़ाई जाएगी। एसएसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराध नियंत्रण को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
दुर्गा पंडालों और गरबा-डांडिया आयोजनों पर रहेगी निगरानी
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए एसएसपी ने पुलिस नियंत्रण कक्ष में राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया और दशहरा आयोजनों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने आयोजन समितियों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। इसके साथ ही रात में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
बदमाशों और फरार वारंटियों पर होगी कार्रवाई
बैठक में अपराध नियंत्रण को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। एसएसपी ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ निगरानी रखने, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुराने अपराधों का प्राथमिकता से होगा निराकरण
अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। एसएसपी ने वर्ष 2025 से पहले के लंबित अपराधों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
नवीन आपराधिक कानूनों के तहत निर्धारित 60 और 90 दिनों की समय-सीमा में विवेचना पूरी करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा गुम इंसानों की तलाश गंभीरता से करने और तीन महीने से अधिक पुराने मर्ग प्रकरण लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर रोजाना कार्रवाई
त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्लान तैयार करने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों को प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वालों, दोपहिया वाहनों में तीन सवारी चलने वालों और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ प्रतिदिन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात नियंत्रित रखना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
थाना प्रभारियों की जवाबदेही होगी तय
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को थाना संचालन, शिकायतों के निराकरण और लंबित अपराधों की विवेचना में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को भी थाना संचालन, शिकायतों के निराकरण और अधीनस्थ कर्मचारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि अपराधों के निराकरण और पुलिस व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। पुलिस का लक्ष्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
