रायगढ़ की एआई उड़ान-जागरूकता से नवाचार तक विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
रायगढ़। जिले के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की नई तकनीक से जोड़ने और इसके व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में रायगढ़ में एआई एक्सीलेंस सेंटर विकसित किया जाएगा। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने आज संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित एक दिवसीय एआई कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर यह बात कही। ‘रायगढ़ की एआई उड़ान-जागरूकता से नवाचार तक’ थीम पर आयोजित कार्यशाला का वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल भी मौजूद रहे।
वित्त मंत्री ओ.पी.चौधरी ने कहा कि ट्रिपल आईटी नया रायपुर के सहयोग से रायगढ़ में एआई से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। रायगढ़ में एआई एक्सीलेंस सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां एआई से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों को धीरे-धीरे विस्तार दिया जाएगा। चयनित प्रतिभाशाली युवाओं को ट्रिपल आईटी के सहयोग से मार्गदर्शन और आगे बढ़ने के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर को युवाओं की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में वहां एआई के लिए समर्पित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य होगा। इससे युवाओं को नई तकनीक सीखने, प्रयोग करने और नवाचार के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे। छत्तीसगढ़ में नई तकनीकों के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। नया रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और डेटा सेंटर के क्षेत्र में बन रही संभावनाएं प्रदेश में तकनीकी विकास के नए अवसर तैयार कर रही हैं। एआई, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों से युवाओं के लिए कौशल, रोजगार और नवाचार के नए अवसर सामने आएंगे।
