कांकेर पुलिस का बड़ा एक्शन, 75 मॉडिफाइड साइलेंसर रोड रोलर से कुचलकर नष्ट

75 मॉडिफाइड साइलेंसर रोड रोलर से नष्ट

ध्वनि प्रदूषण रोकने पुलिस की सख्ती, सितंबर में जब्त किए गए 75 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसर रोड रोलर से नष्ट; शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी।

मॉडिफाइड साइलेंसर
मॉडिफाइड साइलेंसर

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। यातायात पुलिस ने सितंबर माह के दौरान दोपहिया वाहनों से जब्त किए गए 75 से अधिक अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों को सोमवार को रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य तेज और कर्कश आवाज से होने वाले ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण लगाना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। कोड़ेजूंगा चौक पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू की मौजूदगी में यातायात प्रभारी दीपक साव और उनकी टीम ने जब्त साइलेंसरों को रोड रोलर से नष्ट कराया।

ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर पुलिस की सख्ती

कांकेर शहर में दोपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज निकालने की शिकायतों को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया था। इस दौरान नियमों के विपरीत इस्तेमाल किए जा रहे साइलेंसर जब्त किए गए। अब जब्त किए गए 75 से अधिक साइलेंसरों को सार्वजनिक रूप से नष्ट कर पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को सख्त संदेश दिया है।

बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों के लिए परेशानी का कारण

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू ने बताया कि तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ आम लोगों के लिए परेशानी पैदा करते हैं। अचानक निकलने वाली कर्कश आवाज से सड़क पर चल रहे वाहन चालकों का ध्यान भटक सकता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसका असर बुजुर्गों, छोटे बच्चों और हृदय रोगियों पर भी पड़ सकता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मॉडिफाइड साइलेंसर
मॉडिफाइड साइलेंसर

मानक साइलेंसर लगाने की अपील, शिकायत के लिए नंबर जारी

कांकेर पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे दोपहिया वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर साइलेंसर जब्त करने के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस ने तेज आवाज करने वाले वाहनों की शिकायत के लिए मोबाइल नंबर 9479192979 जारी किया है। नागरिक संबंधित वाहन का नंबर और वीडियो इस नंबर पर भेजकर यातायात पुलिस को सूचना दे सकते हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया गया है कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी।


इसे भी पढ़ें

‘डांस पे चांस’ और ‘द फैशन गाला’ ने बिखेरे प्रतिभा और ग्लैमर के रंगमहानगरों की तर्ज पर हुआ भव्य आयोजन

Top Search

Advertisement Carousel