बिलासपुर वासियों को तोहफा, शहर में दौड़ेंगी 50 इलेक्ट्रिक सिटी बसें; 15 रूटों पर शुरू होगी हाईटेक सेवा.शहरी सार्वजनिक परिवहन को लेकर शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। शहर में जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सिटी बस सेवा का संचालन शुरू होने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक जनवरी के प्रथम सप्ताह से यह सेवा शुरू हो जाएगी।कुल 50 इलेक्ट्रिक सिटी बसें शहर के बेड़े में शामिल होंगी। इनमें 15 मिनी साइज और 35 फुल साइज बसें हैं, जिन्हें अलग-अलग रूटों पर चलाया जाएगा। प्रशासनिक और संचालन से जुड़े कार्यों को देखते हुए इस योजना के दिसंबर के अंतिम सप्ताह या जनवरी की शुरुआत तक धरातल पर उतरने की संभावना है।.
.15 रूटों पर चलेंगी बसें, जांजगीर तक होगा
प्रस्तावित योजना के अनुसार सभी सिटी बसें इलेक्ट्रिक (ई-बस) होंगी, जो पर्यावरण के अनुकूल और आधुनिक तकनीक पर आधारित हैं। इससे प्रदूषण कम होगा और यात्रियों को आरामदायक और सुगम सफर का अनुभव मिलेगा। जनवरी में सेवा शुरू होने के बाद ये बसें शहर के 15 रूटों पर दौड़ेंगी।
बेड़े में शामिल 15 छोटी बसें संकरे मार्गों और फीडर रूट्स के लिए उपयुक्त रहेंगी। इस नई परिवहन सेवा के शुरू होने से बिलासपुर के साथ-साथ जांजगीर और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों के बीच सफर करना अधिक सुविधाजनक और सुलभ हो जाएगा।
पुणे से आ रही हैं हाईटेक बसें
ये सभी बसें पुणे से आ रही हैं। बसों की तकनीकी जानकारी लेने के लिए नगर निगम के इंजीनियर पुणे भी गए थे। उन्होंने बसों से जुड़ी सभी जानकारियां ली हैं। ये बसें पूरी तरह हाईटेक हैं और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस हैं। सभी बसें वातानुकूलित और आरामदायक हैं। हालांकि वर्तमान में इनके किराए का निर्धारण नहीं किया गया है, जल्द ही इसका निर्धारण भी कर लिया जाएगा।

