छत्तीसगढ़ में सड़क-पुलों का बिछेगा जाल, 672 करोड़ के 24 कार्यों को मंजूरी, बारिश के बाद शुरू होगा निर्माण
रायपुर। बरसात खत्म होने के बाद प्रदेश में सड़क और पुल निर्माण के काम रफ्तार पकड़ेंगे। राज्य शासन ने 672 करोड़ 22 लाख रुपये के 24 कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें नई सड़कें और पुल बनाने के साथ मौजूदा मार्गों के उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण के काम शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को ठेकेदारों को जल्द कार्यादेश जारी कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।.
.मंजूर कार्यों में सात नई सड़कें, दो पुल एवं पहुंच मार्ग, तीन सड़क उन्नयन और 12 चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के कार्य शामिल हैं। बिलासपुर में अरपा नदी पर लोधीपारा-कोनी मार्ग में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के लिए 17.63 करोड़ और चोरहादेवरी-परसदा मार्ग में खारून नदी पर पुल के लिए 7.68 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। राजनांदगांव के डोंगरगढ़ में आठ किमी फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46.22 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है।

रायगढ़ में दो प्रमुख मार्गों के फोरलेन चौड़ीकरण और विद्युतीकरण पर करीब 107 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर मार्ग के 36.80 किमी हिस्से के चौड़ीकरण-मजबूतीकरण के लिए 85.83 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
