रायगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यातायात जागरूकता कार्यक्रम, 450 से अधिक हेलमेट का निशुल्क वितरण

1001817354

माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चतुर्वेदी बोले—यातायात नियमों का पालन ही सेवा संकल्प की मूल भावना, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा—जीवन से बड़ा कुछ नहीं

# रायगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत यातायात जागरूकता कार्यक्रम, 450 से अधिक हेलमेट का निशुल्क वितरण### माटी कला बोर्ड अध्यक्ष शंभूनाथ चतुर्वेदी बोले—यातायात नियमों का पालन ही सेवा संकल्प की मूल भावना, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा—जीवन से बड़ा कुछ नहीं##

‘यातायात नियमों का पालन ही सेवा संकल्प की मूल भावना’माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चतुर्वेदी ने कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना तभी सार्थक होगी, जब प्रत्येक नागरिक कानून और यातायात नियमों का पालन करेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों का सहयोग करने के बजाय उन्हें नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना ही सही मायने में ‘सेवा संकल्प’ की मूल भावना से जुड़ा विषय है।

राज्यसभा सांसद बोले—‘जीवन से बड़ा कुछ नहीं’राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रायगढ़ का तेजी से विकास हो रहा है और इसके साथ शहर में यातायात का दबाव भी बढ़ा है। सड़क दुर्घटनाओं के पीछे यातायात नियमों का पालन नहीं करना एक बड़ा कारण है।उन्होंने बताया कि रायगढ़ विधायक एवं कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी तथा रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया के प्रयासों से रिंग रोड निर्माण, सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण सहित कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। इससे आने वाले समय में यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।उन्होंने यातायात पुलिस के जवानों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। ऐसे में उनका मनोबल बढ़ाना भी समाज की जिम्मेदारी है।हेलमेट को ‘सुरक्षा कवच’ बताते हुए उन्होंने तीन सवारी लेकर वाहन नहीं चलाने, तेज गति से वाहन चलाने से बचने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की।उन्होंने कहा कि जीवन से बड़ा कुछ भी नहीं है, इसलिए वाहन चलाते समय जल्दबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने और मोडिफाइड साइलेंसर से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को रोकने की भी अपील की।

कलेक्टर बोले—पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, सुरक्षा के लिए पहनें हेलमेटकलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि जिला एवं पुलिस प्रशासन रायगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर है। सड़क हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से प्रतिमाह सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की जाती है और संबंधित विभागों के साथ आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हेलमेट केवल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए पहनें। उन्होंने चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की।

सितंबर तक 30,859 कार्रवाई, 2.77 करोड़ से अधिक का जुर्मानाएसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 से सितंबर 2026 तक मोटरयान अधिनियम के तहत 30,859 कार्रवाई की गई हैं। इस दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले वाहन चालकों से 2 करोड़ 77 लाख 95 हजार 400 रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया।इसके अलावा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रशिक्षण, निशुल्क हेलमेट वितरण, स्वास्थ्य शिविर एवं नेत्र परीक्षण शिविर भी आयोजित किए गए।एसएसपी ने कहा कि पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जाने के बावजूद सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में अपेक्षित कमी नहीं आना चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे कार्यक्रम से ‘यातायात दूत’ बनकर जाएं और स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें।

450 से अधिक हेलमेट वितरित, जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडीकार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद अतिथियों ने नागरिकों को 450 से अधिक हेलमेट का निशुल्क वितरण किया।कार्यक्रम के अंत में यातायात जागरूकता रैली को अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का मंच संचालन विकास सिन्हा ने किया।

पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में सभापति डिग्री लाल साहू, गुरपाल भल्ला, श्रीकांत सोमावार, सुभाष पांडे, सुरेश गोयल, पवन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल, यातायात डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित शहर के सभी थाना प्रभारी, थाना यातायात एवं विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और रायगढ़ के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Top Search

Advertisement Carousel