SECL दीपका खदान में 2 करोड़ का डंपर धू-धूकर जला, इंजन से धुआं निकलने के बाद लगी आग

2.1

SECL दीपका खदान में 2 करोड़ का डंपर धू-धूकर जला, इंजन से धुआं निकलने के बाद लगी आग

 

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के दीपका मेगा प्रोजेक्ट क्षेत्र में बुधवार को खनन कार्य में लगे एक डंपर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का डंपर पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है।

इंजन से अचानक निकलने लगा धुआं

जानकारी के मुताबिक, डंपर खदान के भीतर परिचालन में था। इसी दौरान उसके इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं तेज हुआ और वाहन से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे डंपर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की सूचना मिलते ही SECL का सुरक्षा अमला और दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह विद्युत शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

डंपर के रखरखाव और फायर सिस्टम पर सवाल

घटना के बाद खदान में संचालित भारी वाहनों के रखरखाव और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खास तौर पर वाहनों में लगे फायर सप्रेशन सिस्टम और अग्निशमन उपकरणों की स्थिति की जांच की जरूरत बताई जा रही है।

हादसे के दौरान डंपर से उठता काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दिया। हालांकि चालक की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया और किसी कर्मचारी को चोट नहीं आई।

घटना के कारणों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी कारण था।

Top Search

Advertisement Carousel