रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार, 7 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के सभी सांगठनिक जिलों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई।
रायपुर के जोरा स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 38 स्थानों पर सेवा ज्योति चौक बनाए जाएंगे। वहीं, रायपुर के तेलीबांधा चौक को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की बात कही।
रायपुर में कार्यक्रम में शामिल हुए CM साय
कृषि मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय के साथ भाजपा के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इसी तरह बिलासपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत प्रदेश के अलग-अलग सांगठनिक जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
क्या है सेवा ज्योति यात्रा?
भाजपा के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत मोदी के जनसेवा और सुशासन से जुड़े कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प से जनभागीदारी जोड़ने के कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 7 अक्टूबर को देशभर के जिला मुख्यालयों पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली गई। अभियान के दौरान सेवा, जनभागीदारी, स्वच्छता, जनसंपर्क और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में 38 स्थानों पर चौक
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में 38 स्थानों पर सेवा ज्योति चौक बनाए जाने की जानकारी दी। रायपुर के तेलीबांधा चौक को अलग तौर पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित करने की बात कही गई है।


