शारदीय नवरात्रि 2026ः 10 या 11 अक्टूबर... कब शुरू होगा..?

akhand-jyoti-on-chaitra-navratri_04e09b4924ab7231d38e3c175e7a15ba
 

शारदीय नवरात्रि 2026 की तारीख को लेकर लोगों के बीच इस बार भ्रम प्रतिपदा तिथि 10 की रात लेकिन पहला व्रत और घटस्थापना 11 को

      धर्म डेस्क, हर्ष न्यूज.कॉम। शारदीय नवरात्रि 2026 की तारीख को लेकर इस बार लोगों के मन में भ्रम की स्थिति बन सकती है। इसकी वजह यह है कि आश्विन शुक्ल प्रतिपदा तिथि 10 अक्टूबर की रात से शुरू हो रही है, जबकि नवरात्रि का पहला दिन 11 अक्टूबर को माना जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कलश स्थापना किस दिन होगी और नवरात्रि का पहला व्रत कब रखा जाएगा? इसका उत्तर समझने के लिए पंचांग में तिथि के आरंभ और पूजा के लिए निर्धारित शुभ समय, दोनों को देखना जरूरी है। पंचांग के अनुसार, आश्विन शुक्ल प्रतिपदा 10 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजकर 19 मिनट पर आरंभ होगी और 11 अक्टूबर की रात 9 बजकर 30 मिनट तक रहेगी। वहीं, शारदीय नवरात्रि की घटस्थापना 11 अक्टूबर, रविवार को की जाएगी।             हिंदू पंचांग की तिथियां अंग्रेजी कैलेंडर की तरह आधी रात को नहीं बदलतीं। तिथि का निर्धारण सूर्य और चंद्रमा की स्थिति के बीच बनने वाली कोणीय दूरी से होता है। जब यह दूरी 12 अंश बढ़ जाती है, तो एक नई तिथि शुरू होती है। इसलिए तिथि का परिवर्तन सुबह, दिन या रात किसी भी समय हो सकता है। इसी वजह से एक हिंदू तिथि दो अलग-अलग अंग्रेजी तारीखों के बीच आ सकती है। केवल तिथि शुरू होने का समय देखकर व्रत या त्योहार की तारीख तय करना सही नहीं होता। किस धार्मिक अनुष्ठान के लिए कौन-सी तिथि मान्य होगी, यह भी देखना आवश्यक है। 11 अक्टूबर को सूर्याेदय के समय प्रतिपदा तिथि विद्यमान रहेगी। इसे उदयातिथि कहा जाता है। इसी आधार पर नवरात्रि का पहला व्रत रखा जाएगा और मां शैलपुत्री की पूजा की जाएगी। हालांकि हर पर्व और धार्मिक अनुष्ठान के लिए उदयातिथि का नियम लागू हो, यह जरूरी नहीं है। कुछ अवसरों पर विशेष काल की तिथि को प्राथमिकता दी जाती है। घटस्थापना के लिए प्रतिपदा के साथ उपयुक्त समय भी जरूरी होता है। रात में कलश स्थापना करना उचित नहीं माना जाता। इसलिए 10 अक्टूबर की रात प्रतिपदा शुरू होते ही घटस्थापना करने के बजाय 11 अक्टूबर को निर्धारित मुहूर्त में कलश स्थापित किया जाएगा।           11 अक्टूबर को घटस्थापना के लिए सुबह 6 बजकर 19 मिनट से 10 बजकर 12 मिनट तक का समय बताया गया है। वहीं अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 44 मिनट से दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक रहेगा। अन्य शहरों में स्थानीय सूर्याेदय के आधार पर मुहूर्त में अंतर हो सकता है। हालांकि स्थान के अनुसार घटस्थापना का मुहूर्त अलग-अलग हो सकता है। इस दिन चित्रा नक्षत्र और वैधृति योग भी रहेंगे। इन स्थितियों को घटस्थापना के लिए सामान्यतः अनुकूल नहीं माना जाता, लेकिन पंचांग में इन्हीं परिस्थितियों के बीच निर्धारित घटस्थापना मुहूर्त दिया गया है। इसलिए इनके कारण नवरात्रि की शुरुआत एक दिन आगे नहीं बढ़ेगी।
घटस्थापना का मुहूर्त
10 अक्टूबर की रात सामान्य देवी पूजा, आरती या नाम-स्मरण किया जा सकता है। पूजा की तैयारी और आवश्यक सामग्री पहले से व्यवस्थित करना भी संभव है। लेकिन नवरात्रि की औपचारिक शुरुआत के लिए घटस्थापना और पहला व्रत 11 अक्टूबर को ही होगा।

Top Search

Advertisement Carousel