बजरंग दल ने परीक्षा केन्द्र में मचाया हंगामा
रायगढ़। रायगढ़ में रविवार को आयोजित व्यापमं की परीक्षा के दौरान चांदमारी हाईस्कूल परीक्षा केंद्र में उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जब एक छात्रा के हाथ में बंधे कलावे को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान उतरवा दिया गया। बजरंग दल को इसकी जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता परीक्षा केंद्र पहुंचे और इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए विरोध जताया। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
रविवार को शहर में आयोजित व्यापमं की परीक्षा के दौरान चांदमारी हाईस्कूल परीक्षा केंद्र में एक छात्रा के हाथ में बंधे कलावे को उतरवाने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। छात्रा के कलावे को कथित तौर पर कैंची से काटकर निकाले जाने की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में परीक्षा केंद्र पहुंच गए और मामले पर आपत्ति जताते हुए विरोध दर्ज कराया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान छात्रा के हाथ में बंधे कलावे को धार्मिक भावना से जुड़ी वस्तु होने के बावजूद जबरन उतरवाया गया। उनका कहना था कि यदि परीक्षा में कलावा पहनकर प्रवेश प्रतिबंधित है तो संबंधित नियम स्पष्ट रूप से बताया जाना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने परीक्षा केंद्र के जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल किया कि आखिर किस नियम के तहत छात्रा के हाथ से कलावा उतरवाया गया। मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम भी चांदमारी हाईस्कूल पहुंची। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि कलावा उतरवाने वाले संबंधित व्यक्ति को छात्रा से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्होंने परीक्षा केंद्र के केन्द्राध्यक्ष सहित मामले में जिम्मेदार अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बजरंग दल की ओर से पूरे मामले की जांच की मांग को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित आवेदन भी सौंपा गया है। आवेदन में कलावा उतरवाए जाने की परिस्थितियों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।
