मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने, स्वस्थ दिनचर्या अपनाने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर दिया जोर
सिन्दूर पार्क में स्थायी मंच निर्माण के लिए की घोषणा
नशामुक्त भारत अभियान एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए वित्त मंत्री
रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को सिन्दूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नशामुक्त भारत अभियान एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राज्यगीत से हुई। इसके बाद वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कार्यक्रम में 350 दिव्यांगजनों को करीब 60 लाख रुपए की लागत के विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किया। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने सिन्दूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्क में उपयुक्त स्थान का चयन कर ऐसा मंच बनाया जाना चाहिए, जिसका उपयोग अलग-अलग आयोजनों में किया जा सके। इससे बार-बार अस्थायी मंच और टेंट लगाने की आवश्यकता नहीं होगी तथा कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सामग्री वितरण नहीं, बल्कि उनके जीवन को अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सहयोग करना है। ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, ब्रेल किट सहित अन्य उपकरणों से आवागमन, शिक्षा और दैनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेवा का वास्तविक उद्देश्य जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी आवश्यकता को पूरा करना है। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंदों तक शासकीय सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता लगातार समाज के बीच ले जाने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। परिवार और समाज भी नशे की ओर बढ़ रहे युवाओं को समय रहते सही दिशा देने में अपनी भूमिका निभाएं। कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता करते हुए ‘नशा सब कुछ नाश कर देता है। स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन हेतु नशामुक्ति अपनाएं’ का संदेश दिया। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल ज्ञान, जरूरी काम और संवाद का उपयोगी साधन है, लेकिन इसका अत्यधिक इस्तेमाल आदत में बदल सकता है। युवाओं को सोशल मीडिया और रील्स में जरूरत से ज्यादा समय देने के बजाय पढ़ाई, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार मोबाइल देखने से एकाग्रता, नींद, आंखों और स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।
