दिसंबर तक पूरा होगा रायगढ़ स्टेशन के कायाकल्प का पहला चरण, दूसरे चरण में बढ़ेंगी यात्री सुविधाए

रेलवे जीएम ने किया निरीक्षण, 13 करोड़ की लागत से चल रहा निर्माण कार्य; यात्री और मालगाड़ियों के लिए अलग रूट की दिशा में भी बढ़ रहा काम

रायगढ़ रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का काम अब दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। गुरुवार रात दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जीएम रायगढ़ पहुंचे और स्टेशन में अमृत भारत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन के अंदर और बाहर चल रहे काम की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली। इस दौरान उन्होंने बताया कि पहले चरण का काम पूरा होने के बाद दूसरे चरण में प्लेटफॉर्म विस्तार, कवर शेड, बड़े एफओबी और स्टेशन के दूसरी तरफ यात्री सुविधाओं से जुड़े कामों को गति दी जाएगी। वहीं, मालगाड़ियों के कारण यात्री ट्रेनों की प्रभावित हो रही चाल को लेकर उन्होंने कहा कि चौथी रेल लाइन के बाकी काम जल्द पूरे होने की उम्मीद है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जीएम गुरुवार रात करीब 8 बजे रायगढ़ पहुंचे। इससे पहले उन्होंने चांपा से रायगढ़ तक विभिन्न रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया और वहां चल रहे निर्माण कार्यों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। रायगढ़ पहुंचने के बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन में अमृत भारत योजना के तहत चल रहे कायाकल्प कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे के अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे।

जीएम ने स्टेशन के अंदर और बाहर चल रहे निर्माण कार्यों को देखा और अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से रायगढ़ रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का काम चल रहा है। स्टेशन के विकास को लेकर समय-समय पर जनप्रतिनिधियों, आम जनता और सामाजिक संगठनों से सुझाव भी प्राप्त होते रहे हैं। इन सुझावों के आधार पर स्टेशन के लिए कई अतिरिक्त कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ स्टेशन में कायाकल्प के प्रथम चरण का काम दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद दूसरे चरण के निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। दूसरे चरण में प्लेटफॉर्म विस्तार, कवर शेड, बड़े फुट ओवरब्रिज सहित स्टेशन के दूसरी ओर यात्री सुविधाओं के विकास से जुड़े काम किए जाएंगे। इन कार्यों को गति शक्ति यूनिट के माध्यम से कराया जा रहा है।

चौथी लाइन से मिलेगी यात्री ट्रेनों को राहत

[video width="848" height="478" mp4="https://harshnews.com/wp-content/uploads/2026/10/VID-20261001-WA0032.mp4"][/video]

मालगाड़ियों के कारण यात्री ट्रेनों की चाल प्रभावित होने और यात्रियों को हो रही परेशानी के सवाल पर रेलवे जीएम ने बताया कि झारसुगुड़ा से चांपा तक चौथी रेल लाइन का काम पूरा हो चुका है। हालांकि चांपा से बिलासपुर के बीच कुछ काम अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि शेष काम भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद ट्रेनों के संचालन में सुविधा बढ़ेगी।

उन्होंने बताया कि यात्री ट्रेनों की चाल प्रभावित न हो, इसके लिए खरसिया से परमलकसरा होते हुए राजनांदगांव तक करीब 278 किलोमीटर नई रेलवे लाइन की स्वीकृति मिल चुकी है। इस लाइन का काम पूरा होने के बाद यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए जा सकेंगे। इससे माल परिवहन के साथ यात्री ट्रेनों के संचालन को भी बेहतर करने में मदद मिलेगी।

जीएम के दौरे को लेकर अलर्ट रहा रेलवे

जीएम के दौरे को लेकर गुरुवार को रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। उनके पहुंचने के बाद ट्रेड यूनियन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी उनसे मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने रेलवे सुविधाओं और स्थानीय स्तर की विभिन्न मांगों को लेकर जीएम को ज्ञापन सौंपा। जीएम ने प्रतिनिधियों से उनकी मांगों और सुझावों की जानकारी ली।

Top Search

Advertisement Carousel