लघु फिल्म प्रतियोगिता में 162 प्रविष्टियाँ प्राप्त, रूस से भी बनकर आई फिल्म, 3 अक्टूबर को होगा विजेताओं का ऐलान पूज्य संत बाबा प्रियदर्शी रामजी ऑडिटोरियम में आयोजित होगा पुरस्कार वितरण समारोह
रायगढ़। साइबर जागृति अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित लघु फिल्म प्रतियोगिता को देश-विदेश से उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों से कुल 162 फिल्म प्रविष्टियाँ प्राप्त हुई हैं। विशेष बात यह है कि रूस से भी एक फिल्म की प्रविष्टि प्राप्त हुई है, जो इस पहल की अंतरराष्ट्रीय पहुँच को दर्शाती है।
प्रतियोगिता में पारदर्शिता एवं निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए फिल्म निर्माण के क्षेत्र से जुड़े अनुभवी एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है। निर्णायक मंडल के सदस्य प्राप्त फिल्मों की स्क्रीनिंग कर उनका मूल्यांकन कर रहे हैं। निर्णायक मंडल में मनोज वर्मा शामिल हैं, जिनके निर्देशन में बनी फिल्म ‘भूलनरू द मेज़’ को सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त हुआ था। निर्णायक मंडल में योगेंद्र चौबे भी शामिल हैं, जिनकी फिल्मों को देश-विदेश में पहचान मिली है। इसके अतिरिक्त अनुभवी रंगकर्मी, फिल्म अभिनेता, डॉक्यूमेंट्री फिल्मकार एवं अभिनय प्रशिक्षक सुनील चिपड़े भी निर्णायक मंडल का हिस्सा हैं।
प्रतियोगिता के परिणामों का प्रतिभागियों एवं रायगढ़वासियों को बेसब्री से इंतजार है। परिणाम घोषणा एवं पुरस्कार वितरण समारोह 3 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे पूज्य संत बाबा प्रियदर्शी रामजी ऑडिटोरियम, रायगढ़ में आयोजित किया जाएगा। समारोह में विजेताओं की घोषणा एवं सम्मान के साथ सभी विजेता फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
इसी अवसर पर रायगढ़ पुलिस द्वारा आम नागरिकों को साइबर अपराधों के नए तरीकों एवं उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार की गई एक विशेष साइबर अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म “The Cyber Trap” की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। फिल्म “The Cyber Trap” लघु फिल्म प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं है, बल्कि आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अलग से तैयार की गई है।
