उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को किया पुरस्कृत, अनुशासन और शारीरिक दक्षता बनाए रखने नियमित अभ्यास के दिए निर्देश

रायगढ़। पुलिस बल में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और टीम भावना बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार, 27 नवंबर को रायगढ़ पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने परेड की सलामी ली और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की वेशभूषा, साफ-सफाई और टर्नआउट का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
जवानों ने किया स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को अलग-अलग टोलियों में बांटकर स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास कराया गया। निर्धारित कमांड के अनुसार जवानों ने कदमताल, आपसी तालमेल और एकरूपता का प्रदर्शन किया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की वर्दी, साज-सज्जा और अनुशासित प्रस्तुति का बारीकी से अवलोकन किया। उत्कृष्ट टर्नआउट वाले जवानों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
नियमित परेड से बढ़ता है अनुशासन और टीम भावना
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नियमित परेड पुलिस बल में अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक दक्षता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका सकारात्मक लाभ कानून-व्यवस्था बनाए रखने और दैनिक पुलिसिंग के दौरान मिलता है।
उन्होंने रक्षित निरीक्षक को नियमित रूप से परेड और शारीरिक अभ्यास कराने के निर्देश दिए। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने किया।












Leave a Reply