ग्रेड पे का आदेश, नियमितीकरण सहित नौ सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश के 10 मेडिकल कॉलेजों में होगा प्रदर्शन; सुबह 10 से शाम 4 बजे तक आंदोलन करेंगे कर्मचारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग कर्मचारियों ने अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर 18 नवंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के आह्वान पर चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत नियमित, संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी आंदोलन में शामिल होंगे। इसके तहत प्रदेश के सभी 10 मेडिकल कॉलेजों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदर्शन किया जाएगा।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि नर्सिंग संवर्ग की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर लंबे समय से शासन और विभाग के सामने मांग रखी जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन आंदोलन का रास्ता चुना है।
2018 की कमेटी रिपोर्ट लागू करने और नियमितीकरण की मांग
नर्सिंग कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में वर्ष 2018 में गठित कमेटी की रिपोर्ट लागू करना, संविदा, दैनिक वेतनभोगी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों का नियमितीकरण तथा नर्सिंग संवर्ग के लिए ग्रेड पे का आदेश जारी करना शामिल है।
संघ का कहना है कि इन मांगों को लेकर कई बार विभाग और शासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है। इसके बावजूद मांगों पर निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारी चाहते हैं कि लंबित मांगों पर जल्द आदेश जारी किए जाएं।

ग्रेड पे का आदेश नहीं आया तो आंदोलन होगा तेज
संघ पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय को आंदोलन की सूचना दे दी है। विभाग की ओर से वर्ष 2018 की कमेटी की अनुशंसाओं पर काम चलने की जानकारी दी गई है, लेकिन संघ इससे संतुष्ट नहीं है।
पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आंदोलन शुरू होने के दो से तीन दिनों के भीतर ग्रेड पे का आदेश जारी नहीं किया गया तो स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय में कार्यरत नर्सिंग कर्मचारी भी प्रदर्शन में शामिल होंगे।

21 नवंबर को नवा रायपुर में जुटेंगे प्रदेशभर के कर्मचारी
आंदोलन को व्यापक रूप देने के लिए 21 नवंबर को नवा रायपुर स्थित धरना स्थल पर प्रदेशभर के नर्सिंग कर्मचारियों को जुटाने की तैयारी है। यहां से मुख्यमंत्री निवास के घेराव की रणनीति बनाई जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय से जुड़े संघ के सदस्यों ने प्रेस वार्ता में आंदोलन की रूपरेखा और आगामी रणनीति की जानकारी दी। अब देखना होगा कि कर्मचारियों के आंदोलन के बीच शासन की ओर से उनकी मांगों पर कोई निर्णय लिया जाता है या नहीं।
यह खबर भी पढ़ें
19 ग्रामीणों की जान लेने वाला ‘कबरा’ हाथी छह दिन से झुंड में, जंगल से बाहर नहीं निकला
- छत्तीसगढ़ में नर्सिंग संवर्ग की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, 9 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन

- IPL 2027 मिनी ऑक्शन से पहले बड़ा फेरबदल: 10 टीमों ने 89 खिलाड़ियों को किया रिलीज, धोनी-हेड-स्टार्क भी नहीं आएंगे नजर

- छत्तीसगढ़ में घटती प्रजनन दर पर सियासत तेज, स्वास्थ्य मंत्री बोले- तीन या उससे अधिक बच्चे होने में परेशानी नहीं

- CGBSE बोर्ड परीक्षा 2027: 1 जनवरी से शुरू होंगे 10वीं-12वीं के प्रैक्टिकल, 20 जनवरी तक होंगे पूरे

- छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी, रायपुर-बिलासपुर-रायगढ़ समेत कई जिलों में कार्रवाई














Leave a Reply