कुमकी हाथियों और ड्रोन की मदद से जारी है ट्रेंकुलाइज करने का अभियान, पांचवें दिन भी नहीं लग सकी कॉलर आईडी; वन विभाग बोला- जल्दबाजी नहीं, सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
सरगुजा। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 ग्रामीणों की जान लेने वाला ‘कबरा’ हाथी अब हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है। झुंड में शामिल होने के बाद उसके व्यवहार में कुछ बदलाव देखा गया है। पिछले छह दिनों से वह जंगल से बाहर नहीं निकला है। वन विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है और उसे ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाने का प्रयास जारी है। हालांकि पांचवें दिन भी टीम को सफलता नहीं मिल सकी। बुधवार को छठे दिन वन्यजीव विशेषज्ञों की टीम ने फिर अभियान शुरू किया है।
रामगढ़ की पहाड़ी से लगे जंगल में पहुंचा हाथियों का दल
हाथियों का दल उदयपुर ब्लॉक के तेंदूटिकरा और सरमा के बीच स्थित जंगल से वापस रामगढ़ की पहाड़ी से लगे जंगल में पहुंच गया है। मंगलवार को कबरा हाथी को झुंड से अलग कर ट्रेंकुलाइज करने के लिए कई बार प्रयास किए गए, लेकिन अनुकूल स्थिति नहीं बन पाने के कारण अभियान सफल नहीं हो सका। इस दौरान प्रशिक्षित कुमकी हाथियों की भी मदद ली गई।

ड्रोन से निगरानी, कुमकी हाथियों के साथ जंगल में उतरी टीम
बुधवार सुबह से ही वन्यजीव विशेषज्ञों और वन विभाग की टीम हाथियों की लोकेशन ट्रैक करने में जुटी है। विशेषज्ञ कुमकी हाथियों पर सवार होकर जंगल में अभियान चला रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्र में हाथी को ट्रेंकुलाइज करना चुनौतीपूर्ण है। इसलिए टीम की कोशिश है कि हाथियों का दल मैदानी इलाके की ओर आए और कबरा हाथी झुंड से अलग हो सके।
इसके लिए वन विभाग के कर्मचारी अत्याधुनिक ड्रोन की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। सही मौका मिलने पर कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर उसके गले में कॉलर आईडी लगाने की योजना है।

जल्दबाजी नहीं, हाथियों और टीम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
सरगुजा के मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) डॉ. प्रणय मिश्रा ने बताया कि ऑपरेशन शुरू होने के बाद से कबरा हाथी झुंड में शामिल हो गया है और जंगल से बाहर नहीं निकल रहा है। यह अच्छी बात है, क्योंकि इससे हाथियों के साथ-साथ इंसानों की सुरक्षा भी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान की कोई निश्चित समय-सीमा नहीं होती। पूरी प्रक्रिया में यह ध्यान रखना जरूरी है कि किसी भी हाथी को नुकसान न पहुंचे और अभियान में शामिल वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी सुरक्षित रहें।
डॉ. मिश्रा के मुताबिक, कबरा हाथी के व्यवहार में कुछ बदलाव नजर आ रहा है, लेकिन ड्रोन कैमरे से मिली तस्वीरों में यह भी सामने आया है कि वह झुंड के दूसरे हाथियों को अब भी परेशान कर रहा है। ऐसे में उसे ट्रेंकुलाइज कर कॉलर आईडी लगाने की कोशिश लगातार जारी है।
यह खबर भी पढ़ें
पटवारियों की हड़ताल के बीच छत्तीसगढ़ में धान खरीदी जारी, दो दिन में 7.62 लाख क्विंटल से ज्यादा खरीदी
- छत्तीसगढ़ में नर्सिंग संवर्ग की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, 9 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन

- IPL 2027 मिनी ऑक्शन से पहले बड़ा फेरबदल: 10 टीमों ने 89 खिलाड़ियों को किया रिलीज, धोनी-हेड-स्टार्क भी नहीं आएंगे नजर

- छत्तीसगढ़ में घटती प्रजनन दर पर सियासत तेज, स्वास्थ्य मंत्री बोले- तीन या उससे अधिक बच्चे होने में परेशानी नहीं

- CGBSE बोर्ड परीक्षा 2027: 1 जनवरी से शुरू होंगे 10वीं-12वीं के प्रैक्टिकल, 20 जनवरी तक होंगे पूरे

- छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी, रायपुर-बिलासपुर-रायगढ़ समेत कई जिलों में कार्रवाई














Leave a Reply